सौन्दर्यीकरण के लिये मेयर ने दिया प्रस्ताव

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। उत्तराखंड के सर्वाधिक प्रगतिशील नगरों में से एक होने के बावजूद रुद्रपुर के सौन्दर्यीकरण को लम्बे समय से अनदेखा किया जा रहा है। मगर अब निगम के मेयर रामपाल सिंह ने शहर को सुन्दर बनाने के लिए कमर कस ली है। बीते लगभग पन्द्रह दिन से शहर में बहने वाली एकमात्र कल्याणी नदी की सफाई में अपनी टीम सहित जुटे मेयर ने अब शहर के सौंदर्यीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके तहत न सिर्फ नालों की सफाई की जाएगी बल्कि नयी नालियों के निर्माण सहित सड़कें बनायी जाएँगी और शहर में सभी रास्तों पर स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएँगी।

जनपद का मुख्यालय होने के साथ ही रुद्रपुर राज्य का एक बड़ा औद्योगिक केन्द्र भी है लेकिन दूसरे शहरों से यहाँ आने वालों को अक्सर शहर की बदसूरती के चलते समस्याओं का सामना करना पड़ता है। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था और ट्रैफिक का जमावड़ा किसी को भी परेशान कर देता है। शहर के मुख्य चौराहे भी अपेक्षा का शिकार नज़र आते है। लेकिन अब नगर निगम शहर की बदहाल व्यवस्था बदलने जा रहा है।
करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले शहर में स्ट्रीट लाइटों को लगाने के साथ, सड़कों का भी चौड़ीकरण, नालों का निर्माण व सफाई इत्यादि कार्य करने के लिए नगर निगम ने कार्य योजना तैयार कर ली है। मेयर रामपाल सिंह ने बताया कि शहर के सौंदर्यीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही प्रस्तावित कार्यो के लिए बजट की मांग भी की गई है। शासन से वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही शहर का कायाकल्प का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाजार में बिजली के तारों के जाल को देखते हुए भूमिगत तार बिछाने का कार्य भी शुरू किये जाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *