सरकार का 100 दिन का कार्यकाल फ्लाप साबित हुआ,यशपाल आर्य

भोंपूराम खबरी। रूद्रपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने एजेंडे से भटक चुकी है। सरकार का 100 दिन का कार्यकाल फ्लाप साबित हुआ है लेकिन भाजपा सरकार खुद ही अपनी पीठ थपथपाकर जनता को बेवकूफ बना रही है। नेता प्रतिपक्ष बुधवार को रामपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। श्री आर्य ने कहा भाजपा सरकार में प्रदेश लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है। आज प्रदेश के हर व्यक्ति पर 95 हजार का कर्ज हैं। भाजपाई 100 दिन के कार्यकाल का जश्न मना रहे हैं। वाहवाही लूटने के लिए बड़े बडे कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं लेकिन धरातल पर कहीं विकास नहीं दिखाई दे रहा है। कैग की रिपोर्ट में भी यह बात सामने आ चुकी है कि कई विभागों का बजट मार्च माह में खर्च किया गया हैं। भाजपा सरकार कहती कुछ है और धरातल पर तस्वीर कुछ और ही होती है। वर्तमान में प्रदेश के जो हालात हैं वह चिंताजनक है। सरकार अपने एजेंडे से ही भटक चुकी है। चौबीस घंटे बिजली देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार में चार से आठ घंटे की कटौती हो रही हैं जिससे कारोबारियों का काम ठप हो गया है , किसान परेशान है। बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। धामी सरकार अपनी पीठ खुद ही थपथपा रही है क्योंकि अगर सरकार ने काम किया होता तो सरकार की पीठ जनता थपथपाती। धामी सरकार जनता से किये गये वायदों को भूल चुकी है। अग्निपथ योजना पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को काला कानून बताया। उन्होंनें कहा कि यह योजना देश के नौजवानों पर जबरदस्ती थोपी जा रही है। सरकारी नुमाइंदे भी अब इस योजना पर सवाल उठा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही है। इसके लिए देश की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जायेगा। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा की अगुवाई में कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। पत्रकार वार्ता के बाद यशपाल आर्य ने कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होने का आहवान किया। स्वागत करने वालों में पुष्कर राज जैन, हरीश पनेरू, गणेश उपाध्याय, मदन लाल खन्ना, संदीप चीमा, सौरभ चिलाना,ममता हाल्दार,पार्षद मोहन खेड़ा,पवन वर्मा,हरेंद्र लाडी,सत्यजीत गुलाटी आदि सहित तमाम कांग्रेसी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *